उपराज्यपाल के लौटने के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार: फारूक अब्दुल्ला
पूर्ण राज्य के दर्जे तक कांग्रेस का बाहर से समर्थन देने का फैसला
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में मंत्रिपरिषद का विस्तार उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के लौटने के बाद होगा। अब्दुल्ला ने बडगाम जिले में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, उपराज्यपाल की तबीयत ठीक नहीं थी, वे अस्वस्थ थे। जब उपराज्यपाल वापस आएंगे, तब सरकार का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल के लंबे समय से प्रतीक्षित विस्तार को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह बयान सामने आया है। एनसी नेतृत्व वाली इस सरकार ने 16 अक्टूबर को अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। अक्टूबर 2024 में सत्ता में आई इस सरकार ने अभी तक किसी फेरबदल का सामना नहीं किया है और प्रस्तावित विस्तार लगातार राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है।
हाल ही में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने सरकार के भीतर इस्तीफे की अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि किसी भी मंत्री ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। चौधरी ने जम्मू में संवाददाताओं से कहा था, किसी भी मंत्री ने अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है। नेशनल कॉन्फ्रेंस की चुनावी सहयोगी कांग्रेस पार्टी भी इस विस्तार से जुड़ी चर्चाओं के केंद्र में रही है। एनसी ने कांग्रेस को कैबिनेट में शामिल होने का ऑफर दिया था, लेकिन पार्टी ने सरकार में शामिल होने से इनकार कर दिया और इसके बजाय जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने तक बाहर से समर्थन देने का फैसला किया।
इससे पहले सात अक्टूबर को अब्दुल्ला ने कहा था कि उनके मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर फैसला उनके पिता और पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के साथ विचार-विमर्श के तुरंत बाद लिया जा सकता है।

Comment List