IIT बॉम्बे के छात्र ने की आत्महत्या : परीक्षा के दौरान ChatGPT का कर रहा था इस्तेमाल, छात्रों ने संस्थान की मुख्य इमारत के बाहर किया प्रदर्शन
छात्रों के प्रदर्शन के बाद चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित
मुंबई। IIT बॉम्बे में 19 वर्षीय छात्र की मौत के बाद कैंपस में तनाव का माहौल बन गया। मृतक छात्र की पहचान साहिल वाकोडे के रूप में हुई है। वह एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में सेकेंड ईयर का छात्र था। घटना के बाद देर रात तक 400 से अधिक छात्रों ने संस्थान की मुख्य इमारत के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों के प्रदर्शन के बाद चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं।
संस्थान के मुताबिक, घटना से कुछ घंटे पहले साहिल को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। उसने प्रश्नपत्र का जवाब हासिल करने के लिए ChatGPT का इस्तेमाल किया था। इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने उससे बातचीत कर मामले को समझाया था। संस्थान का कहना है कि उसके खिलाफ तत्काल कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी और उसे यह भी बताया गया था कि इस घटना से उसके अकादमिक करियर पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा।
इसके बाद छात्र हॉस्टल लौट गया, जहां बाद में उसकी मौत की जानकारी मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्र हॉस्टल नंबर-4 में रहता था। घटना के बाद छात्रों ने प्रशासन से जवाबदेही और छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट कदम उठाने की मांग की।

Comment List