बड़ा हादसा टला! हैदराबाद से हुबली जा रही Fly91 फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, चार घंटे तक हवा में अटकी कई यात्रियों की जिंदगी, कोई हताहत नहीं
हवाई दहशत: फ्लाई91 विमान में तकनीकी खराबी, 4 घंटे हवा में रहे यात्री
हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों की जान संकट में पड़ गई। लैंडिंग में विफलता के बाद विमान घंटों हवा में चक्कर काटता रहा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पायलट की सूझबूझ से विमान को बेंगलुरु डायवर्ट कर सुरक्षित उतारा गया। परिजनों ने एयरलाइंस की लापरवाही पर गहरा रोष जताया है।
हैदराबाद। हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 एयरलाइंस की फ़्लाइट में अचानक ही तकनीकी खराबी आई जिसके कारण करीब 4 घंटे तक कई यात्रियों की जिंदगी हवा में लटक गई। इसके बाद यात्रियों में घबराहट फैल गई और अफरा तफरी मच गई। रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर करीब 3 बजे फ्लाइट आईसी3401 रवाना हुई, लेकिन हुबली पहुंचने से पहले ही विमान में तकनीकी खराबी आ गई और पायलटों को लैंडिंग रोकनी पड़ी। जिसके बाद पायलटों को स्थिति संभालने के लिए विमान को एक बार फिर से हवा में उड़ाना पड़ा ताकि लैंडिंग के समय कोई हादसा नहीं हो सके।
इस दौरान यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया और सभी यात्री डर के कारण प्रार्थना करने लगे और कुछ तो रोने भी लग गए। इस हादसे के बाद यात्रियों के परिजनों ने एयरलाइंस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एयरलाइंस ने स्थिति को लेकर अभी तक स्पष्ट अपडेट नहीं किया है जिससे उनमें डर का माहौल बना हुआ है। पायलट ने स्थिति को भांपते हुए काफी कोशिशें के बाद विमान को बेंगलुरू डायवर्ट किया और करीब साढ़े सात बजे विमान को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। हालांकि, तकनीकी खराबी और जानकारी की कमी को लेकर यात्रियों के परिजनों ने एयरलाइंस पर सवाल उठाए हैं।

Comment List