ग्रेटर नोएडा में नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बाथरूम की चौखट से लटका मिला शव
परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान देखकर जताई हत्या की आशंका
नोएडा। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर गांव में एक नाबालिग किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसका शव घर के बाथरूम की चौखट से चुनरी के सहारे लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आयुष के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
शुक्रवार को पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पीलीभीत जिले के चूड़ा सकतपुर गांव के रहने वाले पातीराम अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर गांव में किराए के मकान में रहते हैं। बुधवार को उनके 12 वर्षीय बेटे आयुष का शव घर के बाथरूम में लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर इकोटेक तृतीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे के शरीर पर चोट के निशान थे। इन निशानों के आधार पर उन्होंने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए परिवार ने मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को आयुष का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि, पोस्टमार्टम के दौरान भी चिकित्सक मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि नहीं कर सके। इसके बाद मृतक का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। अब इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही आयुष की मौत की असल वजह सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित रखा है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम और विसरा जांच की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आयुष की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Comment List