नीट मुद्दे पर सदन में वक्तव्य दे मोदी : पेपर लीक छात्रों का मुद्दा, अखिलेश बोले- बेटियों के साथ बर्बरता गंभीर बात
नीट समस्या के लिए लड़ रहे विभिन्न राजनीतिक दल
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर लोकसभा में आकर वक्तव्य देना चाहिए। यादव ने आज लोक सभा में नीट पेपर लीक तथा विद्यार्थियों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच कहा कि प्रधानमंत्री सदन के बाहर इस मुद्दे पर वक्तव्य दे सकते हैं, तो सदन में आकर वह अपनी बात क्यों नहीं रख सकते।
यादव ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी या समाजवादी पार्टी किसी एक दल से जुड़ा नहीं है, यह छात्रों और युवाओं का मुद्दा है और एक बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विभिन्न राजनीतिक दल लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ पुलिस ने बर्बरता की, बेटियों के कपड़े फाड़े गये। छात्रों के हाथ-पैर तोड़े गये। यह बहुत गंभीर बात है। यही सब देखते हुए उन्हें मजबूरी में प्रधानमंत्री आवास के पास धरना देने के लिए जाना पड़ा।
इससे पहले उन्होंने सदन में बोलने की अनुमति न दिये जाने पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सिर्फ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को ही बोलने दिया जा रहा है, क्या इनके बीच कोई समझौता हो गया है। इसके बाद अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें अपनी बात रखने की अनुमति दी।

Comment List