मोदी ने हुगली नदी में की नाव की सवारी : हाथ में कैमरा लिए लकड़ी की नाव पर बैठे नजर आए, नदी की खींची फोटो
नदी में नाव की सवारी करते हुए तस्वीरें साझा की
हुगली नदी में नाव की सवारी करते हुए आकर्षक तस्वीरें साझा कीं। कैमरा थामे मोदी ने विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज के दृश्य कैद किए। उन्होंने हुगली को बंगाल की आत्मा बताते हुए मां गंगा के प्रति आभार जताया और राज्य के विकास व समृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हुगली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कोलकाता में हुगली नदी में नाव की सवारी करते हुए अपनी तस्वीरें साझा कीं। मोदी द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में उन्हें हाथ में कैमरा लिए एक लकड़ी की नाव पर बैठे देखा जा सकता है, जिसके बैकग्राउंड में विद्यासागर सेतु दिखाई दे रहा है। मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर हुगली नदी में नाव की सवारी करते हुए तस्वीरें साझा की है। इन तस्वीरों में मोदी फोटोग्राफी करते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में प्रधानमंत्री नाव में हाथ में कैमरा लिए नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, हुगली नदी के किनारों से कुछ और झलकियाँ। इस विशाल नदी की तस्वीरें खींचने की कोशिश की। साथ ही, विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज की भी करीब से झलक मिली। उन्होंने हुगली नदी को पश्चिम बंगाल की संस्कृति से जुड़ा हुआ बताया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर हुगली में नाव की सवारी वाली तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, हर बंगाली के लिए, गंगा का एक बहुत ही खास स्थान है। कोई कह सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है। इसका पवित्र जल एक पूरी सभ्यता की शाश्वत भावना को अपने साथ समेटे हुए है। उन्होंने लिखा, आज सुबह कोलकाता में, मैंने हुगली नदी के तट पर कुछ समय बिताया-यह माँ गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अवसर था। साथ ही, मुझे वहाँ नाव चलाने वालों से मिलने का भी अवसर मिला, जिनकी कड़ी मेहनत करने की प्रवृत्ति सचमुच सराहनीय है और मैं वहाँ सुबह सैर करने वालों से भी मिला। उन्होंने कहा, हुगली के तट पर मैंने पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली लोगों की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया।

Comment List