दिल्ली समेत 4 उच्च न्यायालयों में 14 न्यायाधीश नियुक्त, मुर्मु ने नियुक्तियों को दी मंजूरी
अतिरिक्त न्यायाधीश भी किए नियुक्त
नई दिल्ली। सरकार ने दिल्ली, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख, झारखंड और कर्नाटक उच्च न्यायालयों में 14 न्यायिक अधिकारियों को न्यायाधीश और अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया है। विधि एवं न्याय मंत्रालय की जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श करने के बाद इन नियुक्तियों को मंजूरी प्रदान की है। न्यायिक अधिकारी निवेदिता अनिल शर्मा और निशा सहाय सक्सेना को दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। न्यायिक अधिकारी संजय शर्मा, भरत पराशर, डॉ. अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज को इसी न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
न्यायिक अधिकारी यश पॉल बॉर्नी जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्ति किये गये हैं। न्यायिक अधिकारी मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा झारखंड उच्च न्यायालय में न्यायाधीश बनाये गये हैं। इसी तरह केएस भरत कुमार और नेराले वी. भवानी को कर्नाटक उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

Comment List