लाल निशान में बंद हुआ बाजार, आईटी और धातु कंपनियों में लिवाली
दो महीने के निचले स्तर पर
मुंबई। आईटी, धातु और तेल एवं गैस कंपनियों में बिकवाली के कारण शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट रही। बीएसई का सेंसेक्स 116.67 अंक (0.16 प्रतिशत) टूटकर 74,243.34 अंक पर बंद हुआ। यह छह अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 49.85 अंक यानी 0.21 प्रतिशत नीचे 23,366.70 अंक पर बंद। यह इसका भी सात अप्रैल के बाद का निचला स्तर है।
वृहत बाजार में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.38 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.06 प्रतिशत लुढ़क गया। निफ्टी आईटी सूचकांक 0.99 प्रतिशत, धातु सूचकांक 1.60 प्रतिशत और तेल एवं गैस सूचकांक 0.48 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। बैंकिंग, वित्त, मीडिया, रियल्टी, स्वास्थ्य और अन्य सभी सूचकांक ऊपर रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट का शेयर करीब सवा दो प्रतिशत गिर गया। टीसीएस, टाटा स्टील, एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर एक से दो प्रतिशत तक टूटे। एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडिगो, बीईएल, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा और इंफोसिस के शेयर भी गिरावट में रहे।
हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स और बजाज फाइनेंस में भी पौने दो प्रतिशत से ज्यादा तेजी रही। एशियन पेंट्स, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, सन फार्मा और एलएंडटी के शेयर भी ऊपर रहे।

Comment List