अर्नब साइक्लोन ने राजस्थान की जीत की उम्मीदों को धोया, उत्तराखंड के खिलाफ रणजी मुकाबला ड्रॉ समाप्त
आखिरी दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी
जयपुर। बंगाल की खाड़ी से उठे अर्नब साइक्लोन का असर गुरुवार को देहरादून में भी दिखा। उत्तराखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप-डी मुकाबले में राजस्थान की जीत की उम्मीदों पर बारिश ने पानी फेर दिया। मैच के आखिरी दिन लगातार बारिश के कारण खेल नहीं हो सका और दोनों टीमों के बीच मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। राजस्थान को तीन और उत्तराखंड को एक अंक मिला। आखिरी दिन उत्तराखंड को अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 38 रन से आगे खेलना था। पहली पारी में मिली बढ़त और दूसरी पारी में मजबूत स्कोर खड़ा करने के बाद राजस्थान को जीत की पूरी उम्मीद थी, लेकिन बारिश के कारण पूरे दिन मैदान पर खेल नहीं हो सका। विकेट लगातार कवर से ढका रहा और एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।
करण लाम्बा रहे प्लेयर ऑफ द मैच राजस्थान ने पहली पारी में 272 रन बनाए थे। जवाब में उत्तराखंड की टीम 194 रन पर सिमट गई और राजस्थान को 78 रन की अहम बढ़त मिली। इसके बाद राजस्थान ने दूसरी पारी पांच विकेट पर 290 रन बनाकर घोषित कर दी और मेजबान टीम के सामने जीत के लिए 369 रन का लक्ष्य रखा। राजस्थान की दूसरी पारी में नाबाद शतक लगाने वाले करण लाम्बा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कोच को जीत का भरोसा, बारिश ने बिगाड़ा खेल
राजस्थान रणजी टीम के मुख्य कोच अंशु जैन ने मैच ड्रॉ होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि प्रकृति के आगे किसी का बस नहीं चलता। विकेट गेंदबाजी के अनुकूल था और टीम को आखिरी दिन जीत की पूरी उम्मीद थी, लेकिन दिनभर हुई बारिश के कारण यह संभव नहीं हो सका।
अंशू ने कहा अब हिमाचल के खिलाफ मैच से पूरे अंक हासिल करने का प्रयास करेंगे। अगला मुकाबला हिमाचल से राजस्थान का अगला मुकाबला दो नवंबर से धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ होगा। ग्रुप-डी की अंक तालिका में राजस्थान नौ अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। मुंबई 21 अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि तमिलनाडु 14 अंकों के साथ दूसरे और हरियाणा 13 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

Comment List