आरसीए ने घोषित किया कॉल्विन शील्ड का कार्यक्रम : आठ दिन में तीन सेंटरों पर होंगे 106 मैच, जयपुर में सबसे ज्यादा 64
एनओसी की अंतिम तिथि 20 मई
Rajasthan Cricket Association ने सीनियर स्टेट चैंपियनशिप कॉल्विन शील्ड का नया कार्यक्रम जारी। प्रतियोगिता 25 मई से 1 जून तक, कुल 106 मैच खेले जाएंगे। नए फॉर्मेट में सुपर लीग शामिल, टीमों को अधिक मैच खेलने का मौका। जयपुर, उदयपुर और जोधपुर मुकाबलों की मेजबानी करेंगे।
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन ने सीनियर स्टेट चैंपियनशिप कॉल्विन शील्ड का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आरसीए एडहॉक कमेटी ने प्रतियोगिता के फॉर्मेट में कई बदलाव किए हैं, ताकि टीमों और खिलाड़ियों को पिछले सालों की अपेक्षा ज्यादा मैच खेलने को मिलें। लीग के बाद नॉकआउट की जगह अब सुपर लीग होगी और फिर फाइनल के बाद विजेता का फैसला होगा। प्रतियोगिता 25 मई से 1 जून तक आयोजित की जाएगी।
एलीट ग्रुप में 42 और प्लेट में होंगे 51 मैच :
तय शेड्यूल के मुताबिक आठ दिनों के भीतर कुल 106 मैच खेले जाएंगे। एलीट ग्रुप में पूर्व की अपेक्षा 8 की जगह 14 टीमें की गई हैं, जिन्हें दो ग्रुप में रखा गया है। इस तरह एलीट में कुल 42 लीग मैच होंगे। वहीं शेष 19 टीमें प्लेट ग्रुप में खेलेंगी, जिन्हें 3 ग्रुप में बाटा गया है। एक ग्रुप में 7 और दो ग्रुपों में टीमों की संख्या 6-6 होगी। इस तरह प्लेट में कुल 51 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद 8 टीमों की सुपर लीग के 12 मैच होंगे और फिर फाइनल खेला जाएगा। इस तरह पूर्व में जहां टीमों को मात्र 3-3 मैच खेलने का ही मौका मिलता था, अब कम से कम 5 और 6 मैच मिलेंगे।
ऐसे तय होंगी सुपर लीग की टीमें :
फॉर्मेट के अनुसार प्लेट ग्रुप के दोनों ग्रुपों की शीर्ष दो-दो टीमें सुपर लीग में पहुंचेंगी, जबकि प्लेट ग्रुप के तीन ग्रुपों से शीर्ष एक-एक टीम सुपर लीग के लिए क्वालीफाई करेगी। सुपर लीग की आठवीं टीम का फैसला एलीट और प्लेट ग्रुप की टीमों के बीच नेट रन रेट के आधार पर होगा और बेहतर रन रेट वाली टीम 8वीं टीम की जगह लेगी।
एलीट के एक और प्लेट के दो ग्रुप के मैच जयपुर में :
एलीट के एक और प्लेट के दो ग्रुप के मैच जयपुर में खेले जाएंगे। इस तरह जयपुर में एलीट के 21 और प्लेट के 30 मैच खेले जाएंगे। वहीं उदयपुर में एलीट के एक ग्रुप के 21 मैच होंगे, जबिक जोधपुर प्लेट में 7 टीमों वाले ग्रुप के 21 मैचों की मेजबानी करेगा। सुपर लीग के 12 और फाइनल मैच का वेन्यू बाद में तय किया जाएगा। अगर सुपर लीग और फाइनल मैच जयपुर में होता है तो यहां कुल मैचों की संख्या 64 हो जाएगी।
एलीट ग्रुप की टीमें :
ग्रुप ए- जयपुर, भीलवाड़ा, राजसमन्द, सीकर, हनुमानगढ़, झालावाड़, अजमेर।
ग्रुप बी- नागौर, गंगानगर, कोटा, बांसवाड़ा, धौलपुर, पाली, उदयपुर।
प्लेट ग्रुप की टीमें :
ग्रुप ए- चित्तौड़गढ़, अलवर, टोंक, बाड़मेर, चूरू, उदयपुर, झुंझुनूं।
ग्रुप बी- सवाईमाधोपुर, जैसलमेर, बारां, दौसा, भरतपुर, बीकानेर।
ग्रुप सी- डूंगरपुर, करौली, जालौर, बूंदी, प्रतापगढ़, सिरोही।
एनओसी की अंतिम तिथि 20 मई :
आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव के अनुसार जिला संघों को कॉल्विन शील्ड में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। साथ ही दूसरे जिले से खेलने वाले खिलाड़ियों को एनओसी प्राप्त करने की आखिरी तारीख 20 मई रखी गई है।

Comment List