रोहित शर्मा और विराट कोहली वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष चार में, जो रूट ने टॉप-10 में की वापसी
अजमतुल्लाह ओमरजई शीर्ष ऑलराउंडर
दुबई। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में 138 रनों की पारी खेलने के बाद आईसीसी वनडे बल्लेाबजी रैंकिंग में चौथे नंबर पर बने हुए हैं। वहीं, इस सीरीज में खेलने वाले इंग्लैंड के जो रूट आईसीसी की वनडे बल्लेबाजी बैटिंग रैंकिंग में टॉप 10 में वापस आ गए हैं। उन्होंने बिना आउट हुए 76, 99 और 74 रन बनाए और चार पायदान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गए। आईसीसी की ओर से जारी ताजा रैंकिंग के अनुसार 2020 के बाद यह पहली बार है जब रूट वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप 10 में शामिल हुए हैं। पिछले सप्ताह रूट ने 96.88 के स्ट्राइक रेट से 249 रन बनाए और सीरीज के टॉप स्कोरर रहे, साथ ही उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया। इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट (संयुक्त 19वें स्थान पर) भी लॉर्ड्स में 141 रन बनाने के बाद 11 पायदान ऊपर चढ़े।
टॉप पर बने हैं डेरिल मिचेल :
न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल वनडे बल्लेबाजो में नंबर वन पर बने हुए हैं। उनके बाद भारत के शुभमन गिल, विराट कोहली और रोहित शर्मा हैं। वनडे सीरीज में 188 रनों के साथ दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने के बाद गिल, मिचेल से सिर्फ एक रेटिंग पॉइंट पीछे हैं। विराट ने दो अर्धशतकों के साथ 144 रन बनाए, जबकि रोहित ने तीसरे वनडे में शतक लगाकर सीरीज की धीमी शुरुआत की भरपाई कर ली। अफगानिस्तान के ओपनर इब्राहिम जदरान टॉप पांच में शामिल हैं।
गेंदबाजी में राशिद अव्वल :
कैरिबियन में वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज हुई, जिसमें कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले और मेहमान टीम 3-2 से जीती। इस सीरीज के बाद बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सैंटनर और गुडाकेश मोती ने गेंदबाजों की शीर्ष-10 रैंकिंग में अपनी जगह मजबूत की। सैंटनर तीन पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त चौथे स्थान पर पहुंच गए। वहीं मोती सात पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त नौवें स्थान पर आ गए। वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में टॉप-5 में स्पिनरों का दबदबा है। अफगानिस्तान के राशिद खान पहले स्थान पर हैं और पाकिस्तान के अबरार अहमद दूसरे नंबर पर हैं। जोफ्रा आर्चर तीसरे स्थान पर हैं, जबकि सैंटनर और दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
ओमरजई शीर्ष ऑलराउंडर :
माइकल ब्रेसवेल भी वनडे ऑलराउंडरों की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी (चौथे) और सिकंदर रजा (5वें) को पीछे छोड़ दिया है। पहले स्थान पर अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई और दूसरे नंबर पर बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज हैं।

Comment List