आरसीए से पूरी तरह खाली कराया नॉर्थ ब्लॉक : एकेडमी की छत से बेसमेंट तक बिखरा है सामान, कार्यालय व्यवस्था प्रभावित
आज भी आरसीए के अधिकारिक कार्यालय का पता नॉर्थ ब्लॉक ही दर्ज
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को एसएमएस स्टेडियम के नॉर्थ ब्लॉक से पूरी तरह खाली कराया। एमओयू समाप्ति के बाद शेष कमरे भी खाली कराए। वर्षों पुराना कार्यालय हटने के बाद आरसीए फिलहाल स्टेडियम एकेडमी में किराए पर संचालित, जहां जगह की कमी के कारण खेल सामान और दस्तावेज अव्यवस्थित हालत में।
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) से अब एसएमएस स्टेडियम का नॉर्थ ब्लॉक पूरी तरह खाली करा लिया गया है। जब ललित मोदी आरसीए के अध्यक्ष थे, तब से आरसीए का दफ्तर नॉर्थ ब्लॉक से ही चलता रहा है। यही नहीं, आज भी आरसीए के अधिकारिक कार्यालय का पता नॉर्थ ब्लॉक ही दर्ज है। दो साल पहले जब वैभव गहलोत की अध्यक्षता वाली आरसीए की कार्यकारिणी को भंग कर एडहॉक कमेटी बनाई गई, तब आरसीए और खेल परिषद के मध्य एमओयू की अवधि समाप्त होने पर आरसीए से नॉर्थ ब्लॉक में कार्यालय खाली करा लिया गया, लेकिन कुछ कमरे, जहां आरसीए का खेल सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे, आरसीए के पास ही थे। अब इन कमरों को भी आरसीए से खाली करा लिया गया है।
आरसीए का दफ्तर कुछ समय मानसरोवर स्थित केएल सैनी स्टेडियम से संचालित हुआ और वर्तमान में एसएमएस स्टेडियम में एकेडमी में किराए पर चल रहा है। एकेडमी में जगह की कमी की वजह से आरसीए का सामान ऊपर छत से बेसमेंट की गैलरी तक में बिखरा पड़ा है।

Comment List