भाजपा ने आप पर साधा निशाना : आप है ड्रामा पार्टी और केजरीवाल उसके निर्देशक, स्वराज ने कहा- देश की न्यायपालिका की एक महिला सदस्य पर की दबाव बनाने की कोशिश
केजरीवाल की दबाव बनाने की चालों को साफ तौर पर खारिज कर दिया
हाईकोर्ट के फैसले पर आप पर तीखा हमला बोला, उसे “ड्रामा पार्टी” बताया। बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश की, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। हाईकोर्ट ने जज बदलने की मांग ठुकराते हुए सुनवाई जारी रखने का फैसला किया, इसे न्यायिक स्वतंत्रता की जीत बताया गया।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आबकारी नीति से संबंधित मामले को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है और उसे ड्रामा पार्टी करार देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उसका निर्देशक बताया है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि केजरीवाल ने गत 13 मार्च को न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा के समक्ष अर्जी लगाई और कहा कि हमें आप पसंद नहीं हैं, आप स्वयं ही इस मामले को त्याग दीजिए। इसके बाद इस देश की न्यायपालिका के खिलाफ सोचा समझा षड्यंत्र शुरू हुआ। आप ने न्यायमूर्ति शर्मा के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण सोशल मीडिया पर अभियान चलाया तथा न्यायमूर्ति शर्मा और उनके बच्चों के खिलाफ आरोप लगाए गये।
उन्होंने कहा, केजरीवाल ने इस देश की न्यायपालिका की एक महिला सदस्य पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन न्यायपालिका पर दबाव बनाने की उनकी राजनीति को खारिज करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने मामले को किसी दूसरी पीठ को स्थानांतरित करने की उनकी याचिका को खारिज कर दिया। इससे यह साबित हो गया है कि आप एक ड्रामा कंपनी है और अरविंद केजरीवाल इस कंपनी के निर्देशक हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली उच्च न्यायालय का कल का आदेश केजरीवाल की दबाव बनाने की चालों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है और न्यायिक स्वतंत्रता के लिए एक नया पैमाना तय किया है। हम इस फैसले का स्वागत और सराहना करते हैं। गौरतलब है कि दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा ने केजरीवाल और अन्य लोगों की याचिका को खारिज करते हुए शराब नीति मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने से इनकार कर दिया था।

Comment List