कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल का लंबी बीमारी के बाद निधन : केंद्रीय गृहमंत्री और रक्षा मंत्री सहित कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर किया कार्य, लोकसभा अध्यक्ष भी रहे
वह 90 वर्ष के थे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का लंबी बीमारी के बाद लातूर में 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने गृहमंत्री, रक्षा मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और पंजाब के राज्यपाल सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं। प्रधानमंत्री मोदी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
मुंबई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और राजस्थान के पूर्व कार्यवाहक राज्यपाल शिवराज पाटिल का लंबी बीमारी के बाद महाराष्ट्र के लातूर में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटिल ने सुबह लगभग 6:30 बजे लातूर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे और लातूर में ही उनका इलाज चल रहा था। पाटिल ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में केंद्रीय गृहमंत्री और रक्षा मंत्री सहित कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वह लोकसभा अध्यक्ष भी रहे।
बारह अक्टूबर 1935 को जन्मे श्री पाटिल महाराष्ट्र के लातूर से सात बार सांसद रहे। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में उन्हें गृह मंत्री, रक्षा मंत्री का कार्यभार सौंपा गया था। उन्होंने 1991 से 1996 तक देश के 10वें लोकसभा अध्यक्ष के तौर पर काम किया। उन्होंने 2010 से 2015 तक पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक के तौर काम किया।
पाटिल 2008 के मुंबई हमलों के समय देश के गृहमंत्री थे और इस हमले के बाद हुई व्यापक आलोचना के बाद उन्होंने 30 नवंबर 2008 को घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पाटिल ने हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से विज्ञान में डिग्री प्राप्त की और बॉम्बे विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। वह 1967-69 के दौरान लातूर नगर पालिका में कार्यरत रहे। श्री पाटिल पंचमसाली लिंगायत समुदाय से थे। उन्होंने जून 1963 में विजया पाटिल से शादी की थी। उनके दो बच्चे एक पुत्र और एक पुत्री हैं। वह सत्य साई बाबा के कट्टर अनुयायी भी थे।
मोदी ने शिवराज पाटिल के निधन पर जताया शोक :
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र से कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा कि शिवराज पाटिल के निधन से दुख हुआ। वे एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के तौर पर काम किया। वह समाज की भलाई में योगदान देने के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। पिछले कुछ सालों में मेरी उनसे कई बार बातचीत हुई, सबसे हाल की मुलाकात तब हुई जब वे कुछ महीने पहले मेरे घर आए थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति। प्रधानमंत्री ने पाटिल से हुयी मुलाकात का एक फोटो भी शेयर किया। गौरतलब है कि पाटिल का आज महाराष्ट्र के लातूर में 90 साल की उम्र में निधन हो गया।
खरगे-राहुल ने शिवराज पाटिल के निधन पर जताया शोक :
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। खड़गे ने अपने शोक संदेश में कहा Þपूर्व केंद्रीय गृह मंत्री, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल के निधन से मुझे गहरा दु:ख हुआ है। वे मेरे सम्मानित वरिष्ठ सहयोगी थे, जिनके साथ मेरे घनिष्ठ संबंध रहे और कई यादगार पल हैं। एक महान राजनेता श्री पाटिल ने महत्वपूर्ण संवैधानिक और संसदीय जिम्मेदारियों को निभाते हुए राष्ट्र की सेवा की और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि पाटिल का निधन, कांग्रेस और उन सभी के लिए एक गहरा दुख है, जो उनकी सत्यनिष्ठा, संयम और जनसेवा के प्रशंसक थे। उन्होंने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष के परिवार के लोगों, मित्रों और अनगिनत समर्थकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। गांधी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका निधन पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जन सेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्र के लिए उनके योगदान हमेशा याद किए जाएंगे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पूरे पाटिल परिवार, उनके शुभचिंतकों और समर्थकों के साथ हैं।
वाड्रा ने कहा- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों एवं शुभङ्क्षचतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उन्होंने कहा कि पाटिल ने रक्षा मंत्रालय समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली और दशकों तक जनता की सेवा की। उनका जाना कांग्रेस परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है। गौरतलब है कि पाटिल का लंबी बीमारी के बाद 90 साल की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया।

Comment List