कूड़े-कचरे में लगाई आग बनी आफत : वाराणसी में धधका सीएनजी पंप, 45 फीट तक उठी लपटें
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में गेल सीएनजी पंप के पाइप स्टोरेज यार्ड में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें लगभग 40 से 45 फीट की ऊंचाई तक उठने लगीं। करखियाव स्थित सीएनजी पंप में देर शाम आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। स्थिति गंभीर देखते हुए जौनपुर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग की लपटें सीएनजी पंप तक नहीं पहुंच सकीं। आग लगने के कारणों को लेकर विभिन्न संभावनाएं सामने आ रही हैं।
स्टेशन मैनेजर कुंज बिहारी पांडेय ने बताया कि आस-पास किसी ने कूड़े-कचरे में आग लगाई थी। उसी दौरान धूल भरी आंधी आई, जिसकी वजह से चिंगारी संभवत: यार्ड तक पहुंच गई और आग भड़क उठी। पूरे शहर में पीएनजी कनेक्शन का कार्य चल रहा है। गोदाम में इसी कार्य के लिए ढेर सारे पाइप रखे गए थे। गेल के फायर एंड सेफ्टी मैनेजर आनंद ने बताया कि आग पीछे वाले स्टोर यार्ड में लगी थी। वजह अभी स्पष्ट नहीं है, जांच की जा रही है। स्टोर में प्लास्टिक के पाइप और अन्य सामान रखा हुआ था। किसी को कोई चोट नहीं आई है। केवल सामग्री जलकर राख हो गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि 11 दमकल गाडिय़ों और दर्जनों फायरकर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सीएनजी स्टेशन की ओर बढ़ती लपटों को रोकना सबसे पहला लक्ष्य रहा। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग सीएनजी स्टेशन के पीछे स्थित गेल के पाइप स्टोरेज यार्ड में लगी थी। चूंकि वहां पाइप रखे हुए थे, इसलिए आग बुझाने में काफी समय लगा। मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Comment List