ईरान ने अमेरिकी हमलों का दिया जवाब : मिसाइल से नौका अड्डे और एआई केंद्र को बनाया निशाना, ड्रोन नौकाओं में लगी आग
आईआरजीसी ने अमेरिकी सैन्य अड्डों की मेजबानी करने वाले देशों को दी चेतावनी
तेहरान। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने अमेरिका द्वारा ईरान में पुलों और नागरिक परिवहन अवसंरचना पर किए गए हमलों के जवाब में ऑपरेशन नस्र-2 के 17वें चरण के तहत बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। आईआरजीसी ने कहा कि उसकी नौसेना और एयरोस्पेस बल ने बहरीन में अमेरिकी मानव रहित सतही नौकाओं (यूएसवी) के एक अड्डे को नष्ट कर दिया, जिससे वहां तैनात कई ड्रोन नौकाओं में आग लग गई।
आईआरजीसी ने यह भी दावा किया कि बहरीन के प्रमुख कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) केंद्र पर बैलिस्टिक मिसाइलों और कई ड्रोन से हमला किया गया, जिसका इस्तेमाल अमेरिका कथित रूप से लक्ष्य निर्धारण अभियानों के लिए करता था। आईआरजीसी ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अड्डों की मेजबानी करने वाले देशों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वे ईरान के खिलाफ अमेरिका के कथित युद्ध अपराधों की जिम्मेदारी में समान रूप से भागीदार हैं। इन दावों की हालांकि स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और बहरीन या अमेरिका की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Comment List