महिला आरक्षण मुद्दे पर सियासत तेज : कांग्रेस ने भाजपा मुख्यालय के समीप किया प्रदर्शन, कहा- महिला आरक्षण लागू नहीं होने तक शांत नहीं रहेगी कांग्रेस
असली उद्देश्य महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन लागू करना था
कांग्रेस ने बीजेपी मुख्यालय के पास जोरदार प्रदर्शन किया। जयराम रमेश, दीपेंद्र हुड्डा सहित कई नेता शामिल हुए। कांग्रेस ने केंद्र पर महिलाओं को गुमराह करने और आरक्षण टालने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा, जब तक महिला आरक्षण लागू नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा, जबकि सियासत तेज हो गई है।
नई दिल्ली। महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के समीप जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए और केंद्र सरकार पर महिलाओं के मुद्दे पर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में जयराम रमेश, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, देवेंद्र यादव, अलका लांबा समेत कई सांसद और नेता मौजूद रहे। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, बीजेपी ने जिस तरह महिलाओं को गुमराह करने की कोशिश की है, उससे उनकी महिला विरोधी मानसिकता साफ झलकती है। उनका असली उद्देश्य महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन लागू करना था। कांग्रेस पार्टी तब तक शांति से नहीं बैठेगी, जब तक देश में महिला आरक्षण लागू नहीं हो जाता।
वहीं कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, 2014 से लेकर 2026 तक महिलाओं के साथ केवल धोखा हुआ है। सरकार महिला आरक्षण को लेकर गंभीर नहीं है। बीजेपी और प्रधानमंत्री केवल यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे महिलाओं के पक्ष में हैं, जबकि हकीकत इसके उलट है। ग़ौरतलब है कि महिला आरक्षण मुद्दे को लेकर राजनीति तेज है। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

Comment List