परिसीमन पर आर-पार की तैयारी : विपक्ष को एकजुट करने में जुटी कांग्रेस, राहुल गांधी ने स्टालिन से मांगा साथ
पवार से साधेगी संपर्क
नई दिल्ली। संसद में महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक के विरोध में कांग्रेस ने विपक्षी दलों को एकजुट करने की कवायद तेज कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनसे परिसीमन विधेयक के खिलाफ विपक्ष के साथ मजबूती से खड़े होने की अपील की जाएगी।
गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता उनके साथ चेन्नई में एमके स्टालिन और द्रमुक नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करना भारत के लोकतंत्र को समाप्त करने जैसा होगा। इससे भाजपा और आरएसएस को अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप देश का पूरा चुनावी नक्शा बदलने की असीमित गुंजाइश मिल जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं। राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए इस विधेयक को मिलकर हराना जरूरी है। इस बीच, विपक्षी नेताओं के साथ वरिष्ठ नेता शरद पवार से भी महाराष्ट्र में संपर्क कर परिसीमन विधेयक पर विपक्ष का साझा रुख मजबूत करने की रणनीति बनाई जा रही है।

Comment List