राजस्थान में बदलेगा राजनीति का नक्शा! किसकी सीट बचेगी-किसकी कटेगी

परिसीमन से किस नेता की कुर्सी पर आएगा संकट

राजस्थान में बदलेगा राजनीति का नक्शा! किसकी सीट बचेगी-किसकी कटेगी
राजस्थान में परिसीमन से सियासत का पूरा नक्शा बदल सकता है। लोकसभा सीटें 25 से बढ़कर 38 और विधानसभा सीटें 200 से 300 होने का प्रस्ताव है। जयपुर, जोधपुर समेत सात लोकसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन का मॉडल सामने आया है। वहीं महिला आरक्षण से करीब 100 विधानसभा और 13 लोकसभा सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। मौजूदा नेताओं की चुनावी जमीन पर संकट गहरा सकता है।

जयपुर। राजस्थान की राजनीति में इन दिनों एक ऐसी चर्चा ने जोर पकड़ लिया है, जिसका असर लगभग हर राजनीतिक दल और उसके जनप्रतिनिधियों पर पड़ सकता है। यह चर्चा है परिसीमन की। लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव ने प्रदेश के नेताओं के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। जिन सांसदों और विधायकों ने सालों की मेहनत से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक जमीन तैयार की है, उन्हें अब नए सिरे से चुनावी नक्शा बनने की चिंता सता रही है। राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि किसकी सीट का भूगोल बदलेगा, किसका मजबूत वोट बैंक दूसरे क्षेत्र में चला जाएगा और किसे नई सीट पर अपनी किस्मत आजमानी पड़ेगी। प्रस्ताव के मुताबिक, राजस्थान में लोकसभा की सीटें 25 से बढ़कर 38 और विधानसभा की सीटें 200 से बढ़कर 300 हो सकती हैं। यानी प्रदेश को 13 नए सांसद और 100 नए विधायक मिल सकते हैं। इसके साथ ही महिला आरक्षण लागू होने पर करीब 100 विधानसभा सीटें और 13 लोकसभा सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। ऐसे में मौजूदा जनप्रतिनिधियों के लिए चुनौती केवल सीटों की सीमाएं बदलने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आरक्षण का नया गणित भी टिकट की दावेदारी को प्रभावित करेगा।

जयपुर-जोधपुर समेत 7 सीटों पर खास नजर

परिसीमन को लेकर प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की स्टडी में राजस्थान की सात लोकसभा सीटों के पुनर्गठन का संभावित मॉडल सामने आया है। इसमें जयपुर, जयपुर ग्रामीण, जोधपुर, सीकर, उदयपुर और बांसवाड़ा सीटों को तीन-तीन हिस्सों में बांटने तथा चूरू सीट को दो हिस्सों में बांटकर एक नई सीट बनाने का सुझाव दिया गया है। इस तरह इन सात सीटों के पुनर्गठन से 13 नई सीटें बनाने का मॉडल सामने आता है। बाकी 18 सीटों को यथावत रखने का सुझाव है। इस मॉडल पर अमल हुआ तो मौजूदा सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदल सकता है। इन सात सीटों में चार पर भाजपा और तीन पर विपक्षी दलों के सांसद हैं। इनमें जोधपुर से गजेंद्र सिंह शेखावत, उदयपुर से मन्नालाल रावत, जयपुर से मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह, बांसवाड़ा से राजकुमार रोत, सीकर से अमराराम और चूरू से राहुल कस्वां शामिल हैं। हालांकि, यह केवल अध्ययन में सुझाया गया मॉडल है। अंतिम सीमाएं परिसीमन आयोग ही तय करेगा।

वोट बैंक और राजनीतिक समीकरणों की होगी नई परीक्षा

Read More जनरल सीटों पर सेंधमारी, सामान्य पर OBC और ST जीते

परिसीमन में किसी विधानसभा क्षेत्र में नए गांव, तहसील या शहरी इलाके जुड़ सकते हैं, जबकि पुराने इलाके दूसरी सीटों में जा सकते हैं। इसका सीधा असर नेताओं के परंपरागत वोट बैंक और क्षेत्रीय प्रभाव पर पड़ेगा। किसी नेता का मजबूत इलाका दूसरी सीट में चला गया तो उसे नए क्षेत्र में अपनी पकड़ बनानी होगी। वहीं किसी नए क्षेत्र के गठन से स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेताओं के लिए विधायक और सांसद बनने के अवसर भी पैदा होंगे। इस बदलाव से भाजपा और कांग्रेस सहित क्षेत्रीय दलों के सामने भी टिकट वितरण की नई चुनौती होगी। नए निर्वाचन क्षेत्र बनने से दावेदारों की संख्या बढ़ सकती है। एक ही क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय नेताओं के बीच टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। ऐसे में परिसीमन की चर्चा ने राजनीतिक दलों के भीतर भी नए समीकरणों पर मंथन शुरू करा दिया है।

Read More Weather Update: राजस्थान में बढ़ेगी सर्दी की मार, 4 दिन शीतलहर का अलर्ट जारी

महिला आरक्षण से बदलेगा टिकटों का गणित

Read More जयपुर में 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन APM-2026 का आगाज, तीन दिन तक जुटेंगे देश-विदेश के विशेषज्ञ

300 सदस्यीय विधानसभा में एक-तिहाई महिला आरक्षण लागू होने पर करीब 100 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इसी तरह 38 सदस्यीय लोकसभा में करीब 13 सीटें महिलाओं के हिस्से आ सकती हैं। इससे राजनीति में महिलाओं के लिए प्रतिनिधित्व के नए अवसर खुलेंगे, लेकिन मौजूदा पुरुष विधायकों और सांसदों के सामने भी नई चुनौती होगी। यदि किसी मौजूदा विधायक का निर्वाचन क्षेत्र महिला आरक्षित हो जाता है तो उसे दूसरी सामान्य सीट से दावेदारी करनी पड़ सकती है। पार्टियों को भी नए महिला चेहरों को मौका देने और मौजूदा नेताओं के राजनीतिक समायोजन की रणनीति बनानी होगी। आरक्षण का निर्धारण और उसका रोटेशन किस प्रकार होगा, यह आगे की संवैधानिक और परिसीमन प्रक्रिया से स्पष्ट होगा।

Tags:  map

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News

झारखंड में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत, पीएम ने की दो-दो लाख मुआवजे की घोषणा झारखंड में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत, पीएम ने की दो-दो लाख मुआवजे की घोषणा
:झारखंड के रामगढ़ जिले में एनएच-33 रांची-पटना मुख्य मार्ग पर पैंकी गांव के पास देर रात एक स्कॉर्पियो और अज्ञात...
न हेलमेट तो खतरा, न सीट बेल्ट तो जान जोखिम में... बच्चों को समझाए ट्रैफिक के नियम
बेढ़म का पलटवार, अशोक गहलोत भ्रामक दावे कर जनता को कर रहे गुमराह
परिसीमन विधेयक पर घिरे ज्ञानेश कुमार, राहुल गांधी बोले- लोकतंत्र के लिए खतरा है प्रस्तावित व्यवस्था
स्कूली बच्चों से भरा वाहन पिलर से टकराकर पलटा, 2 बच्चों समेत चालक घायल
उत्तराखंड में पेड़ पर अटकी कार,एक दोस्त की खाई में गिरने से मौत
गहलोत आरोप लगाने के बजाय अपने कार्यकाल का आकलन करें : राठौड़