जयपुर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन APM-2026 का आगाज, देश-विदेश के विशेषज्ञ जुटे
तकनीकी ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान
जयपुर। सीतापुरा स्थित केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET) में शनिवार से तीन दिवसीय 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'एपीएम-2026' (APM-2026) का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में प्लास्टिक, पॉलिमर और उन्नत पदार्थों से जुड़ी तकनीकों, अनुसंधान तथा औद्योगिक संभावनाओं पर चर्चा के लिए देश-विदेश के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और उद्योग जगत के प्रतिनिधि जुटे हैं। तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर क्षेत्र में हो रहे नवीन तकनीकी बदलावों, आधुनिक विनिर्माण प्रक्रियाओं, अनुसंधान और नवाचार पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही उद्योगों में नई तकनीकों के उपयोग, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधानकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा तकनीकी ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।
इससे विद्यार्थियों और युवा शोधकर्ताओं को भी विशेषज्ञों से संवाद तथा नवीन शोध कार्यों को समझने का अवसर मिलेगा। जयपुर में इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से राजस्थान की तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और औद्योगिक क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Comment List