मंडी में प्याज आते ही क्यों गिर जाते हैं भाव? जूली ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्याज के दामों पर जूली का बड़ा हमला
अलवर। प्याज के लगातार गिरते दामों को लेकर राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने राज्य सरकार और प्याज खरीद व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि किसानों की फसल मंडियों में पहुंचते ही प्याज के भाव अचानक गिर जाते हैं, जबकि इससे पहले बाजार में प्याज के दाम कई गुना अधिक होते हैं। जूली ने इसे बड़े व्यापारियों को फायदा पहुंचाने की साजिश बताते हुए कहा कि भाव गिरने से व्यापारी कम कीमत पर प्याज खरीदकर अपने गोदाम भरते हैं और किसानों की फसल खत्म होने के बाद ऊंचे दामों पर बेचते हैं।
उन्होंने शनिवार को यहां जारी बयान में कहा कि अलवर प्याज उत्पादन के मामले में देश के प्रमुख जिलों में शामिल है। यहां पैदा होने वाली प्याज की आपूर्ति देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों तक होती है। इसके बावजूद स्थानीय किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही अलवर की प्याज मंडियों में पहुंचनी शुरू होती है, बाजार में भाव गिरने लगते हैं। पहले प्याज के दाम मंडी में मिलने वाले भाव से करीब पांच से सात गुना तक अधिक थे, लेकिन किसानों की फसल बाजार में आते ही कीमतों में गिरावट शुरू हो गई।
जूली ने कहा कि सरकार के पास ऐसी कोई ठोस योजना नहीं है, जिससे किसानों को फसल के उचित दाम दिलाए जा सकें और उन्हें नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने मंडियों में प्याज के गिरते भाव के विरोध में किसानों की हड़ताल को सही ठहराते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्याज उत्पादक किसान पिछले तीन वर्षों से लगातार नुकसान झेल रहे हैं और इस दौरान उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा है। इस बार कुछ बेहतर भाव मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब फिर कीमतें गिरने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस समय ऐसी स्थिति कभी नहीं बनी जैसी अब देखने को मिल रही है।

Comment List