उत्तराखंड में पेड़ पर अटकी कार,एक दोस्त की खाई में गिरने से मौत
कार हादसे में 4 सुरक्षित निकले
चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत आये उत्तर प्रदेश के पर्यटकों की एक कार के तड़के दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। चंपावत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वाला के पास हुआ। बताया जा रहा है कि गोंडा उप्र निवासी अजीत कुशवाहा अपने चार दोस्तों के साथ चंपावत घूमने आये थे। आज तड़के वह चंपावत की ओर जा रहे थे।
स्वाला के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और लगभग 20-30 मीटर नीचे पेड़ पर अटक गई। पांच में से चार लोग सुरक्षित बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए जबकि अजीत कुशवाहा छिटक कर लगभग 150 मीटर दुर्गम खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। चंपावत से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम दुर्घटना स्थल पर पहुंची और राहत और बचाव अभियान अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ जवानों ने गहरी खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। शव को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Comment List