जहां-जहां भाजपा की सरकार, वहां अपराध और गैंगस्टरवाद का बढ़ा संकट : मान सरकार ने गैंगस्टर नेटवर्क पर कसी नकेल, चीमा बोले- अपराध दर में दिल्ली सबसे ऊपर
नफरत फैलाकर और लोगों को बांटकर सत्ता हासिल करना चाहती है भाजपा
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में अपराध और गैंगस्टरवाद बढ़ा है, जबकि पंजाब में मान सरकार ने गैंगस्टरों पर नकेल कसी। एनसीआरबी आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने पंजाब की अपराध दर कम बताई और भाजपा पर डर, नफरत व एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
चंडीगढ़। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जहां-जहां लंबे समय से भाजपा की सरकार है, वहां अपराध, गैंगस्टरवाद और कानून व्यवस्था का संकट बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भगवंत मान सरकार ने गैंगस्टर नेटवर्क पर सफलतापूर्वक नकेल कसी है। चीमा ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली अपराध दर में देश में सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रति एक लाख आबादी पर अपराध दर 1602 है, जबकि गुजरात में 806, हरियाणा में 739.2, मणिपुर में 627.8, मध्य प्रदेश में 570.3, महाराष्ट्र में 470.4, ओडिशा में 431.2, राजस्थान में 390.4 और चंडीगढ़ में 338.9 है। इसके मुकाबले पंजाब की अपराध दर 227.1 है, जो दर्शाती है कि पंजाब सरकार ने अपराध पर नियंत्रण किया है।
उन्होंने कहा कि जहां भाजपा की सरकार होती है, वहां कानून व्यवस्था चरमरा जाती है। भाजपा नफरत फैलाकर, लोगों को बांटकर और डर का माहौल बनाकर सत्ता हासिल करना चाहती है। चंडीगढ़ में दिनदहाड़े 18 वर्षीय युवक की हत्या का जिक्र करते हुए चीमा ने कहा कि यह भाजपा नियंत्रित प्रशासन की विफलता का प्रमाण है। कभी सिटी ब्यूटीफुल कहलाने वाला चंडीगढ़ अब अपराध के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने गैंगस्टर नेटवर्क पर कहा कि भाजपा सरकारें देशभर में गैंगस्टरवाद और राष्ट्रविरोधी तत्वों को बढ़ावा दे रही हैं। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की जेल में बंद है, लेकिन वहीं से धमकियां और उगाही नेटवर्क चलाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स बनाकर संगठित अपराध की कमर तोडऩे का काम किया है और बड़े गैंगस्टरों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।
चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाबी आवाजों और प्रभावशाली हस्तियों को डराकर अपनी पार्टी में शामिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि गायक दिलजीत दोसांझ के राजनीति में आने से इनकार करने के बाद उनसे जुड़े लोगों को निशाना बनाकर डर पैदा करने की कोशिश की गयी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए चीमा ने कहा कि भाजपा नेता पंजाब के मामलों में दखल देने को तैयार रहते हैं, लेकिन अपने राज्यों में अपराध रोकने में नाकाम हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा डर, एजेंसियों और हिंसा का इस्तेमाल न केवल विपक्ष शासित राज्यों बल्कि हर उस व्यक्ति के खिलाफ कर रही है, जो उनके आगे झुकने को तैयार नहीं है।

Comment List