ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग : युवा कांग्रेस का चुनाव आयोग की ओर मार्च, पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका; हिरासत में प्रदर्शनकारी
कुमार के इस्तीफे और उठाए गए सवालों की स्वतंत्र जांच की मांग
नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रायसीना रोड कार्यालय से चुनाव आयोग की ओर मार्च किया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। चिब ने कहा कि चुनाव आयोग किसी राजनीतिक दल या सरकार की संपत्ति नहीं, बल्कि जनता की संस्था है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े सवालों पर पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कुमार के इस्तीफे और उठाए गए सवालों की स्वतंत्र जांच की मांग की।
युवा कांग्रेस ने कुमार के सहयोगी आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा कथित तौर पर उठाई गई आपत्तियों और मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर सामने आए सवालों का पारदर्शी जवाब देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से ज्ञानेश कुमार का रूप धारण कर उन्हें हथकड़ियो में दिखाया।

Comment List