पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस का धर्मेंद्र प्रधान के घर के बाहर प्रदर्शन : शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, हिरासत में कई कार्यकर्ता
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका
युवा कांग्रेस ने शनिवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर नीट पेपर लीक और कथित तौर पर 4 छात्रों की मौत को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने प्रधान के इस्तीफे, एनटीए की समीक्षा और प्रभावित परिवारों को मुआवजे की मांग की। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
नई दिल्ली। युवा कांग्रेस ने मेडिकल प्रेवश परीक्षा नीट पेपर लीक मामले और इस वजह से तनाव में आने के कारण कथित तौर पर 4 छात्रों की मौत को लेकर शनिवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर उनके इस्तीफे की मांग की। युवा कांग्रेस के मीडिया प्रमुख वरुण पांडे ने बताया कि संगठन के अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर तथा तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए साउथ एवेन्यू मार्ग से शिक्षा मंत्री के आवास की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक और उससे जुड़ी घटनाओं ने पूरे देश को झकझोर दिया है तथा लाखों छात्रों का भविष्य इस तरह की घटनाओं से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र मानसिक दबाव झेल रहे हैं और सरकार की चुप्पी तथा लापरवाही चिंताजनक है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर बार-बार परीक्षा रद्द क्यों हो रही हैं, पेपर लीक के पीछे कौन लोग हैं और छात्रों को मानसिक प्रताड़ना क्यों झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उनका कहना था कि प्रभावित परिवारों को मुआवजा मिलना चाहिए तथा परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी एनटीए की कार्यप्रणाली की समीक्षा होनी चाहिए। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Comment List