टाइगर श्रॉफ की कार पर 5 राउंड फायरिंग: सलमान के साथ काम करने वालों को धमकी, लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी
जांच के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित
मुंबई। जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फुटबॉल खेलकर लौटते समय पुष्पा पार्क के पास उनकी कार के आसपास भीड़ जमा थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन हमलावरों ने गोलियां चला दीं। टाइगर सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर के हाथ में गोली लगी। एक ऑटो-रिक्शा चालक के भी घायल होने की खबर है। सीएम देवेन्द्र फड़नवीस ने टाइगर श्रॉफ से बात की।
लॉरेंस के नाम से धमकी भरी पोस्ट
रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित और हरमन संधू ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने वालों को धमकी देते हुए कहा गया कि जो उनकी बात नहीं मानेगा या सलमान के साथ काम करेगा, अगला निशाना वही होगा। हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और दावे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
शिंदे बोले- दोषियों को बख्शेंगे नहीं
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुलिस से घटना की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुंबई पुलिस ने जांच के लिए 15 टीमें गठित की हैं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की पहचान और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश जारी है।

Comment List