इलेक्ट्रॉनिक आइटम की दुकान में लगी भीषण आग: लाखों का सामान जलकर राख, छत से कूदकर बचाई जान
इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग
अजमेर के वरुण सागर रोड पर 'पाराशर कम्युनिकेशन' में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। शोरूम में रखा ₹1.5 करोड़ का सामान खाक हो गया, जबकि ऊपरी मंजिल पर रह रहे परिवार ने कूदकर जान बचाई।
अजमेर। अजमेर में वरुण सागर रोड स्थित पाराशर कम्यूनिकेशन इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में गुरुवार तड़के 4 बजे अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दुकान के ऊपरी मंजिल पर रह रहे परिवार के सदस्यों ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई है। पीड़ित ने आग से करीब डेढ़ करोड़ रुपए का नुकसान का अनुमान होना बताया है।
दुकान मालिक संजय पाराशर के छोटे भाई विजय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अचानक धुआं उठता देखा गया और कुछ ही देर में आग की लपटें निकलने लगी। जिससे आसपास के लोग भी घबरा गए। उन्होंने बताया कि दुकान के ऊपरी मंजिल पर रह रहे उनके छोटे भाई विवेक व उसकी पत्नी और बेटे ने जान बचाने के लिए एक मंजिल से छलांग लगा दी।
फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। जिन्होंने मौके पर खासी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। फायर ऑफिसर गौरव तंवर ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। उसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

Comment List