दैनिक नवज्योति की ओर से अहम योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान, देवनानी- शिक्षक समाज की सबसे अहम कड़ी भूमिका कक्षा तक सीमित नहीं
विद्यार्थियों के विचार, संस्कार और भविष्य को दिशा देता है
अजमेर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। एक शिक्षक का प्रभाव केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह विद्यार्थियों के विचार, संस्कार और भविष्य को दिशा देता है। वे सोमवार सायं सतगुरू इंटरनेशनल स्कूल पंचशील के सभागार में दैनिक नवज्योति की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर टीचर्स डे एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। वंडर सीमेंट की ओर से प्रस्तुत तथा सतगुरू इंटरनेशनल स्कूल के सहयोग से आयोजित समारोह में अतिथियों ने स्कूलों और कॉलेजों से जुड़े 51 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में देवनानी ने कहा कि आज के दौर में तकनीक और शिक्षा के नए साधनों के बावजूद शिक्षक की भूमिका कम नहीं हुई है, बल्कि बदलते समय के साथ उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने के साथ उनमें अनुशासन, संस्कार, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना विकसित करना भी शिक्षक का दायित्व है। उन्होंने वर्तमान एआई के युग में मानवीय बुद्धिमता की भी रक्षा करने का आह्वान किया।
बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं शिक्षक : प्रो.अग्रवाल
समारोह के विशिष्ट अतिथि महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर के कुलगुरू प्रो.सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि किसी भी देश का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की गुणवत्ता पर निर्भर करता है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल रोजगार के लिए तैयार नहीं करते, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का काम भी करते हैं।
परिवार के बाद शिक्षक की भूमिका अहम : चौधरी
विशिष्ट अतिथि अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने कहा कि बच्चे के जीवन में परिवार के बाद शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों के सामने अवसर भी अधिक हैं और चुनौतियां भी। ऐसे में शिक्षक उन्हें सही और गलत के बीच अंतर समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने अपने शैक्षणिक जीवन की कई बातें और अनुभव भी साझा किए।
शिक्षकों का सम्मान :
समारोह में अतिथि एमडीएसयू के कुलगुरू प्रो.अग्रवाल, डेयरी अध्यक्ष चौधरी, सतगुरू गु्रप के वाइस पे्रसीडेंट प्रकाश लालचंदानी, सतगुरू इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर राजा डी थारवानी, संयुक्त सचिव भूमिका थारवानी, स्कूल के प्रिंसीपल संजय दत्ता, प्रशासक ख्याति अरोड़ा ने 3Þ शिक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व दैनिक नवज्योति के निदेशक हर्ष चौधरी ने स्वागत संबोधन में कहा कि नवज्योति निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ अपने सामाजिक सरोकारों को भी बखूबी निभाता रहा है। समारोह में दैनिक नवज्योति के प्रधान संपादक दीनबंधु चौधरी, डायरेक्टर प्रतिभा चौधरी ने सम्मानित होने वाले शिक्षकों को शुभकामनाएं दी। मंच संचालन माधवी स्टीफन ने किया। अंत में नवज्योति के स्थानीय संपादक रमेश शर्मा ने सभी का आभार जताया।

Comment List