राजस्थान बोर्ड 10वीं रिजल्ट में देरी : कॉपियों के अंक अपलोड न होने से अगले सप्ताह तक टला परिणाम
राजस्थान बोर्ड: 10वीं के परिणाम में देरी, अब अगले सप्ताह की उम्मीद
अजमेर बोर्ड द्वारा 10वीं का परीक्षा परिणाम अब अगले सप्ताह जारी होने की संभावना है। उत्तर पुस्तिकाओं के अंक ऑनलाइन अपडेट न होने और चेटीचंड, ईद की छुट्टियों के कारण 20 मार्च की डेडलाइन टल गई है। सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने लंबित अंकों को तुरंत मंगवाने के निर्देश दिए हैं ताकि छात्रों का इंतजार जल्द खत्म हो सके।
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं का परीक्षा परिणाम अब अगले सप्ताह से पहले संभव नहीं हो सकेगा। हालांकि, बोर्ड प्रशासन ने 20 मार्च तक दसवीं परीक्षा का परिणाम घोषित करने की घोषणा भी कर दी थी, लेकिन अभी तक करीब 200 उत्तर पुस्तिकाओं को जचने वाले परीक्षक द्वारा जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं के अंक ही बोर्ड को ऑनलाइन नहीं भिजवाए है। इसके अलावा बोर्ड द्वारा स्कूलों को भी सत्रांक भेजने के लिए 19 मार्च तक का समय दिया गया था।
ऐसी स्थिति में बोर्ड की खुद की परीक्षा परिणाम जारी करने की समस्त तैयारी पूरी नहीं हुई थी। अब शुक्रवार को चेटीचंड का अवकाश शनिवार को ईद का अवकाश और रविवार को राजकीय अवकाश के बाद सोमवार से शुरू होने वाले नए सप्ताह के दौरान ही बोर्ड द्वारा परिणाम जारी किया जा सकेगा। शुक्रवार को चेटीचंड के अवकाश के बावजूद बोर्ड में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने सभी सहायक निदेशक को निर्देशित किया है, कि अभी तक जिन भी परीक्षक द्वारा ऑनलाइन बोर्ड को अंक नहीं भेजे गए हैं। उन्हें तुरंत निर्देशित करते हुए अंक मंगवा जाएं ताकि परिणाम में बिना वजह देरी नहीं हो।

Comment List