मोदी की दूरदर्शी सोच से भारत बन रहा वैश्विक ताकत : प्रदेश को हमेशा दी विकास की सौगातें, भजनलाल बोले- किसानों के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में हुए ऐतिहासिक कार्य
140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शक्ति बन रहा। राज्य में चार लाख भर्तियों, किसानों को बढ़ी सम्मान निधि, 22 जिलों में दिन बिजली, जल परियोजनाओं और महिला सशक्तीकरण योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति का दावा किया।
अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत अब वैश्विक ताकत बनकर उभर रहा है और हाल में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सम्पन्न हुई कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) समिट में पूरे विश्व ने देखा कि भारत भविष्य के लिए तैयार है। शर्मा ने आयोजित जनसभा में प्रदेशवासियों की तरफ से मोदी का राजस्थान की धरा पर अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया में अब तक 29 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत होकर विश्व मंच पर 140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान के प्रति विशेष लगाव रहा है। वह जब भी राजस्थान आये हैं, हमेशा प्रदेश को विकास की अनेक सौगातें देते हैं। उनके मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री के राजस्थान राइजिंग, रिलाएबल, रिसेप्टिव और रिफाइन की अवधारणा को अपना ध्येय मान कर आगे बढ़ रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि गत सरकार के समय हुए पेपरलीक के माफिया अब गिरफ्त में हैं। राज्य सरकार ने युवाओं को 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में ठोस कदम उठाये हैं। अब तक सवा लाख से अधिक नौकरियां दी गयी हैं। एक लाख 33 हजार से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वर्ष 2026 में एक लाख से अधिक नये पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है। इन सभी निर्णयों से युवाओं में हमारी सरकार के प्रति विश्वास बहाली हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत प्रदत्त छह हजार की राशि में तीन हजार रुपये जोड़कर नौ हजार रुपये किया गया है। वर्ष 2026-27 के राज्य के कृषि बजट में एक लाख 19 हजार 408 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जोकि राज्य की जीएसडीपी का 5.55 प्रतिशत है। साथ ही, 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में 16 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया है।
उन्होंने वर्षों से लंबित जल विवादों के समाधान के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हथिनी कुण्ड बैराज से यमुना का पानी लाने की परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा, वहीं रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं से 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में भी हमारी सरकार ने गत दो साल में 14 लाख से अधिक जल कनेक्शन दिए हैं। कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत चार लाख से अधिक भू जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार प्रवर्तित योजनाओं में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। देश की 11 योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर, पांच में दूसरे और सात योजनाओं में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कुसुम कॉम्पोनेन्ट ए और सी में प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर हैं। पीएम सूर्यघर योजना में भी हमारी सरकार ने एक लाख 31 हजार रुफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधों में औसतन 14 प्रतिशत की कमी आयी है। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में भी 10 प्रतिशत की कमी आयी है। उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में अब तक दर्जनभर से अधिक नीतियां लागू की गयी हैं। साथ ही, राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में से आठ लाख करोड़ रुपये काम धरातल पर आ चुके है।

Comment List