उप निरीक्षक/ प्लाटून कमांडर परीक्षा 2025 : कड़े सुरक्षा इंतजाम, 100 मीटर के दायरे में बंद रहेंगे ई-मित्र व साइबर कैफे
2 अप्रैल को अपलोड किए जाएंगे प्रवेश-पत्र
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा उप निरीक्षक/ प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2025 का आयोजन 5 एवं 6 अप्रैल को दो चरणों में। दोनों दिन प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक सामान्य हिंदी तथा दोपहर 3 से सांय 5 बजे तक जनरल नॉलेज एंड जनरल साइंस के प्रश्न-पत्र की परीक्षा होगी।
अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा उप निरीक्षक/ प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी (गृह विभाग) परीक्षा 2025 का आयोजन 5 एवं 6 अप्रैल को दो चरणों में किया जाएगा। दोनों दिन प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक सामान्य हिंदी तथा दोपहर 3 से सांय 5 बजे तक जनरल नॉलेज एंड जनरल साइंस के प्रश्न-पत्र की परीक्षा होगी। परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न पत्र के लिए ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। आयोग सचिव ने बताया कि प्रवेश पत्र 2 अप्रैल को आयोग की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
अभ्यर्थी परीक्षा के लिए आवंटित परीक्षा जिले की जानकारी 29 मार्च से एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर प्राप्त कर सकेंगे। यह परीक्षा राज्य के 41 शहरों में 1174 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। पिछले दिनों मुख्य सचिव ने इस परीक्षा के आयोजन के सम्बंध में संबंधित संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में साइबर कैफे एवं ई-मित्र केंद्रों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखा जाए। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध प्रभावी रूप से लागू किया जाए। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड युक्त प्रवेश पत्र, फोटो पहचान एवं वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे बहु-स्तरीय उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।

Comment List