असर खबर का : अवैध पार्किंग पर चला प्रशासन का शिकंजा, ढाई लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया
हाईवे पर जाम और हादसों से मिलेगी बड़ी राहत
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई में सात वाहन सीज
नमाना रोड। नेशनल हाईवे-52 एवं लिंक रोड पर फैक्ट्री में जाने वाले ओवरलोड वाहनों की अवैध पार्किंग से आमजन को हो रहीं परेशानी को लेकर 10 मई के अंक में दैनिक नवज्योति समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। जिला कलक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक एवं जिला परिवहन अधिकारी के निर्देश पर तालेड़ा पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई - करते हुए अवैध पार्किंग और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक ओवरलोडं डंपर एवं छह ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया। सभी वाहनों को नियमों के उल्लंघन एवं ओवरलोडिंग के आरोप में सीज कर तालेड़ा थाने में खड़ा करवाया गया। परिवहन विभाग ने इन वाहनों पर कुल ढाई लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
हाईवे पर जाम और हादसों से मिलेगी बड़ी राहत
गौरतलब है कि हाईवे एवं फैक्ट्री क्षेत्र के बाहर अवैध पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। पुलिस एवं परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध पार्किंग और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ इसी तरह अभियान जारी रहेगा। अचानक हुई कार्रवाई से ओवरलोड वाहन चालकों एवं अवैध पार्किंग करने वालों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इस समस्या पर प्रशासनिक कार्रवाई का स्वागत किया।
कार्रवाई में परिवहन विभाग और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
अभियान में तालेड़ा सीओ राजेश कुमार टेलर, परिवहन निरीक्षक धर्मपाल सिंह गुर्जर, थानाधिकारी देशराज सिंह, परिवहन विभाग उड़नदस्ता गार्ड रामराज मीणा एवं रघुवीर सिंह हाड़ा शामिल रहे।

Comment List