केशवरायपाटन में भी भाजपा का दबदबा, आदर्श मालवीय बने उपाध्यक्ष
14 मत लेकर छह वोट से दर्ज की जीत
केशवरायपाटन। नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा की अनुराधा मलिक के निर्वाचित होने के एक दिन बाद उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा ने कब्जा जमा लिया। वार्ड संख्या 10 से भाजपा पार्षद आदर्श मालवीय नगर पालिका के नए उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने 14 मत हासिल कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजविंता गोचर को छह मतों से हराया।
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में राजविंता गोचर को आठ और पूर्व नेता प्रतिपक्ष मदन पचेरवाल को दो मत मिले। खास बात यह रही कि कांग्रेस की ओर से उपाध्यक्ष पद के लिए कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया। इसके चलते मुकाबला आदर्श मालवीय, राजविंता गोचर और मदन पचेरवाल के बीच रहा।
25 सदस्यीय केशवरायपाटन नगर पालिका में भाजपा के 12, निर्दलीय 10 और कांग्रेस के तीन पार्षद निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की अनुराधा मलिक को 25 में से 24 मत मिले थे। अब उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा प्रत्याशी की जीत के साथ पालिका के दोनों प्रमुख पद पार्टी के खाते में चले गए हैं।
आदर्श मालवीय को मिले 14 मतों से पालिका में बने राजनीतिक समीकरण भी सामने आए। वहीं मदन पचेरवाल को महज दो मत ही मिल सके। पचेरवाल पूर्व सांसद गोपाल पचेरवाल के भाई हैं। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद भाजपा के पास आने से पालिका में पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है।

Comment List