असर खबर का : मांगली नदी पम्प हाउस पर ओवरफ्लो से व्यर्थ बहता पानी रोका
पम्प हाउस पर जलदाय विभाग ने की त्वरित कार्रवाई
समाचार प्रकाशित होते ही अभियंताओं और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
नमाना रोड। मांगली नदी स्थित जलदाय विभाग के पम्प हाउस से ओवरफ्लो होकर हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बहने के मामले में प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की है।
प्रमुख समाचार पत्र 'दैनिक नवज्योति' में 14 मई के अंक में समाचार प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आए और व्यर्थ बहते पानी को रोक दिया गया।जानकारी के अनुसार मांगली नदी स्थित पम्प हाउस से पिछले कई दिनों से बड़ी मात्रा में पेयजल ओवरफ्लो होकर नदी में बह रहा था। भीषण गर्मी के दौर में पानी की बर्बादी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई थी।
मामले को 'दैनिक नवज्योति' ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशित होते ही जलदाय विभाग के अभियंताओं और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। तकनीकी टीम द्वारा आवश्यक सुधार कार्य करते हुए ओवरफ्लो की समस्या को नियंत्रित कर लिया गया। विभागीय कर्मचारियों ने पम्प हाउस की व्यवस्था दुरुस्त कर पानी के व्यर्थ बहाव को पूरी तरह रोक दिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा नहीं हो. इसके लिए कर्मचारियों को नियमित निगरानी रखने और समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों ने समस्या के त्वरित समाधान पर संतोष जताते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने से प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई संभव हो पाती है।

Comment List