असर खबर का : हाईवे किनारे शुरू हुआ सौंदर्यीकरण कार्य, झाड़ियों और कंटीले बबूल की सफाई शुरू
दैनिक नवज्योति में खबर प्रकाशित होते ही विभाग ने लिया संज्ञान
अरनेठा। लालसोट-कोटा मेगा हाइवे किनारे लंबे समय से उगी झाड़ियों और कंटीले बबूल की सफाई एवं ड्रेसिंग का कार्य बुधवार से शुरू हो गया। अणदपुरा बस स्टॉप के पास से हाइवे किनारे सफाई कार्य की शुरुआत की गई। इससे सड़क के दोनों ओर की पटरी और आसपास का क्षेत्र साफ एवं व्यवस्थित नजर आने लगा है। गौरतलब है कि हाइवे किनारे ड्रेसिंग कार्य की मांग को लेकर दैनिकनवज्योति के 30 सितंबर के अंक में खबर प्रकाशित हुई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बुधवार से ही मेगा हाईवे पर ड्रेसिंग कार्य शुरू करवा दिया।
हाइवे ड्रेसिंग कार्य के सुपरवाइजर राकेश अवस्थी ने बताया कि कार्यचरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इससे पहले जेसीबी मशीन से करीब चार दिन तक मोटी झाड़ियों,कंटीले बबूल और अन्य बड़े अवरोध हटाए गए। अब श्रमिकों की टीम लगाकर बारीकी से ड्रेसिंग एवं सफाई की जा रही है। वर्तमान में अरनेठा से अडीला तक कार्य चल रहा है, जिसे तीन से चार दिन में पूरा करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि सड़क पटरी के बाद करीब डेढ़ मीटर क्षेत्र में ड्रेसिंग कीजाती है। कार्य के लिए प्रत्येक माह करीब 15 से 18 दिन मिलते हैं। कोटा से इंद्रगढ़ टोल तक करीब 88 किलोमीटर क्षेत्र की जिम्मेदारी है। अब तुक करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष 30 प्रतिशत कार्य आगामी दो माह में पूरा करने का लक्ष्य है। सफाई से वाहन चालकों और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

Comment List