असर खबर का : यातायात विभाग की त्वरित कार्रवाई, जेब्रा लाइन बनी, वाहन चालकों को मिली राहत
दैनिक नवज्योति ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था
बूंदी। शहर के सबसे व्यस्त लाल बत्ती चौराहे पर वाहन चालकों को लंबे समय से बनी परेशानी से राहत मिल गई है।चौराहे पर जेब्रा क्रॉसिंग नहीं होने के कारण वाहन चालकों को अनंजाने में चालानों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद यातायात विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेब्रा लाइन का निर्माण करवा दिया।गौरतलब है कि दैनिक नवज्योति में प्रकाशित समाचार "लाल बत्ती चौराहे पर जेब्रा लाइन नहीं, चालानों की भरमार" के माध्यम से इस गंभीर समस्या को उजागर किया गया था। समाचार में बताया गया था कि चौराहे पर सीमा रेखा अंकित नहीं होने से वाहन चालकों को यह स्पष्ट नहीं हो पाता था कि रेड लाइट पर वाहन कहां रोका जाए।इसके चलते कई बार वाहन निर्धारित सीमा से आगे निकल जाते थे और चालान की कार्रवाई का सामना करना पड़ता था।
स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों ने यातायात प्रभारी बहादुर सिंह और उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। साथ ही जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए दैनिक नवज्योति समाचार पत्र का भी आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि इस पहल से यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनेगी।
पूर्व पार्षद की जुबानी
मैं दैनिक नवज्योति अखबार का नियमित पाठक हूं। अखबार ने जेबरा क्रॉसिंग की कमी से जूझ रहे आमजन की समस्या को बेहद प्रमुखता और जिम्मेदारी के साथ उठाया था। आज इसी खबर का धरातल पर असर हुआ है और नगर परिषद द्वारा जेबरा क्रॉसिंग लाइन खींचने का काम शुरू कर दिया गया है।
जनहित के इस मुद्दे को उजागर कर राहत दिलाने के लिए मैं दैनिक नवज्योति परिचार का आभार व्यक्त करता हूं।
- राजेश शेरगडिया, पूर्व वार्ड पार्षद, नगर परिषद बूंदी
मैंरी मौजूदगी में लाल बत्ती चौराहे पर विधिवत जेब्रा क्रॉसिंग की लाइनें खिंचवाई गईं है। इससे अब वाहन चालकों को सही स्थान पर वाहन रोकने में सुविधा होगी तथा अनावश्यक चालानों से भी राहत मिलेगी।
- बहादुर सिंह, यातायात प्रभारी, बूंदी

Comment List