एसएमएस अस्पताल में 25 मिनट बिजली गुल : ओपीडी और जांच सेवाएं प्रभावित, मरीजों को उठानी पड़ी परेशानी
अस्पताल की सभी सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य
जयपुर। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसएमएस में गुरुवार सुबह एक बार फिर व्यवस्थाओं में खामी देखने को मिली। धन्वंतरी ब्लॉक, बांगड़ परिसर और मुख्य भवन के कई हिस्सों में अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करीब 25 मिनट तक बिजली नहीं रहने से ओपीडी, जांच और दवा वितरण जैसी सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:15 बजे बिजली आपूर्ति अचानक बंद हो गई, जो लगभग 8:40 बजे बहाल हो सकी। इस दौरान ओपीडी में पहुंचे मरीज जांच के बिल नहीं बनवा सके, क्योंकि बिलिंग काउंटर पर कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए थे।
धन्वंतरी ब्लॉक में एक्स-रे समेत कई जांच सेवाएं भी कुछ समय के लिए ठप रहीं। बिजली बाधित होने का असर डीडीसी काउंटर पर भी देखने को मिला। यहां दवा वितरण की प्रक्रिया रुक गई, क्योंकि दवा देने के बाद मरीज की पर्ची को स्कैन कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना आवश्यक होता है। सिस्टम बंद होने से यह प्रक्रिया नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि अस्पताल की मुख्य विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई। सूचना मिलते ही अस्पताल के तकनीकी कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य शुरू किया और करीब 25 मिनट की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। इसके बाद अस्पताल की सभी सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो सकीं।

Comment List