रोडवेज के बेड़े में जल्द दौड़ेंगी 30 एसी स्लीपर बसें, यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधा
आपूर्ति जल्द मिलने की उम्मीद
जयपुर। राजस्थान रोडवेज यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। रोडवेज प्रशासन ने 30 नई एसी स्लीपर बसें खरीदी हैं, जिनकी आपूर्ति जल्द मिलने की उम्मीद है। इन बसों के शामिल होने के बाद पहली बार रोडवेज के बेड़े में पूरी तरह स्लीपर सुविधा वाली बसें संचालित होंगी। प्रत्येक बस में 36 स्लीपर बर्थ होंगी और इनमें बैठने (सिटिंग) सीटों का प्रावधान नहीं रखा गया है। निजी बस ऑपरेटरों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए रोडवेज ने यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन बसों की खरीद की है।
प्रारंभिक चरण में इन बसों का संचालन राजस्थान के प्रमुख लंबी दूरी वाले रूटों पर किया जाएगा। इनमें उदयपुर, माउंट आबू, जोधपुर, कोटा, श्रीगंगानगर और धौलपुर जैसे मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा यात्रियों की मांग और परिचालन आवश्यकता के अनुसार दिल्ली, शिमला और लखनऊ जैसे अंतरराज्यीय रूटों पर भी इन बसों का संचालन किया जा सकता है। रोडवेज को उम्मीद है कि नई स्लीपर बसों से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और निजी बसों को कड़ी टक्कर मिलेगी।

Comment List