दीपावली पर आकर्षक सजावट करने वाले 33 बाजारों और प्रतिष्ठानों को मिलेंगे अवार्ड, 18 नवंबर को महावीर स्कूल ऑडिटोरियम में होगा सम्मान समारोह
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी करेंगी पुरस्कार प्रदान
जयपुर। दीपावली के अवसर पर गुलाबी नगरी जयपुर को रोशनी से सजाने वाले व्यापारी वर्ग और व्यापार मंडलों को अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन राजस्थान की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए 18 नवंबर को महावीर स्कूल ऑडिटोरियम में शाम 5:30 बजे सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें शहर के विभिन्न बाजारों, गेट, शॉपिंग मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और क्लबों को उत्कृष्ट सजावट के लिए 33 अवार्ड प्रदान किए जाएंगे। फेडरेशन के प्रदेश प्रभारी ध्रुवदास अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष एनके गुप्ता ने बताया कि दीपावली पर जयपुर के व्यापारियों ने करीब एक महीने तक दिन-रात मेहनत कर बाजारों, प्रतिष्ठानों और शॉपिंग मॉल को एलईडी लाइट्स, झालरों और रंगीन रोशनी से सजाया। इससे गुलाबी नगरी की सुंदरता में चार चांद लग गए। सजावट के लिए सर्वश्रेष्ठ, श्रेष्ठ और उत्तम श्रेणी में पुरस्कार दिए जाएंगे।
समारोह की मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी होंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी और वरिष्ठ अधिवक्ता आरके अग्रवाल मौजूद रहेंगे। फेडरेशन के महामंत्री गोपाल गुप्ता और कोषाध्यक्ष केसी परवाल ने बताया कि जयपुर पूर्व, पश्चिम और चारदीवारी क्षेत्र में सजावट का मूल्यांकन करने के लिए 15 सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया था। सुरेश कालानी, सोहन तांबी और पवन बजाज की चेयरमैनशिप में गठित मंडल ने तीन दिन तक शहर के विभिन्न बाजारों और गलियों का दौरा कर निष्पक्ष मूल्यांकन किया।

Comment List