जयपुर में जलदाय के खुलेंगे 4 नए दफ्तर, दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र को मिलेगा फायदा
कम्प्यूटर संसाधनों और 3.50 लाख रुपए फर्नीचर पर खर्च किए जाएंगे
जलदाय विभाग ने सांगानेर में नया अधिशासी अभियंता कार्यालय और भांकरोटा, डिग्गी मालपुरा रोड, मानसरोवर में 3 नए उपखंड कार्यालय मंजूर किए हैं। 29 पद स्वीकृत, संसाधनों के लिए बजट जारी। इससे दक्षिण-पश्चिम जयपुर में जलापूर्ति मॉनिटरिंग, शिकायत निस्तारण और पाइपलाइन परियोजनाएं तेज होंगी।
जयपुर। शहर के तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार और पेयजल व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। जलदाय विभाग ने सांगानेर में नया अधिशासी अभियंता (खंड) कार्यालय तथा भांकरोटा, डिग्गी मालपुरा रोड और मानसरोवर में तीन नए सहायक अभियंता (उपखंड) कार्यालय खोलने की स्वीकृति जारी की है। सरकार के इस निर्णय से जयपुर के दक्षिण और पश्चिमी क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं की निगरानी, शिकायत निस्तारण और नई पाइपलाइन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है। विभाग ने इन कार्यालयों के संचालन के लिए कुल 29 पद स्वीकृत किए हैं, जिनमें कुछ नए पद सृजित किए गए हैं, जबकि कई पद अन्य इकाइयों से समायोजित किए जाएंगे। विभागीय आदेश के अनुसार सांगानेर खंड कार्यालय का नया नाम नगर खंड-पंचम (दक्षिण) जयपुर रखा गया है। भांकरोटा, डिग्गी मालपुरा रोड और मानसरोवर उपखंडों को क्रमश: नगर उपखंड-15, 13 और 14 दक्षिण जयपुर नाम दिया गया है।
संसाधनों के लिए बजट मंजूर: कार्यालयों के संचालन के लिए कंप्यूटर, स्कैनर, फर्नीचर और अन्य संसाधनों के लिए अलग से बजट स्वीकृत किया गया है। अधिशासी अभियंता कार्यालय के लिए 2 लाख रुपए कंप्यूटर उपकरणों तथा 5 लाख रुपए फर्नीचर मद में स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक उपखंड कार्यालय के लिए 1.50 लाख रुपए कम्प्यूटर संसाधनों और 3.50 लाख रुपए फर्नीचर पर खर्च किए जाएंगे।
प्रमुख तथ्य
- कुल 4 नए कार्यालय स्वीकृत
- 29 पदों को मंजूरी
- 4 नए पदों का सृजन
- शेष पद अन्य इकाइयों से समायोजित
- जयपुर के दक्षिणी-पश्चिमी क्षेत्र को मिलेगा लाभ
- जलापूर्ति मॉनिटरिंग और शिकायत निस्तारण होगा तेज
स्वीकृत नए कार्यालय
कार्यालय नया नाम क्षेत्र
अधिशासी अभियंता कार्यालय नगर खंड-पंचम दक्षिण, सांगानेर
सहायक अभियंता उपखंड नगर उपखंड-15 भांकरोटा
सहायक अभियंता उपखंड नगर उपखंड-13 डिग्गी मालपुरा रोड
सहायक अभियंता उपखंड नगर उपखंड-14 मानसरोवर
19 पदों का समायोजन: जलदाय विभाग के संयुक्त शासन सचिव-प्रथम प्रवीण कुमार लेखरा की ओर से जारी आदेशों के अनुसार वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा की क्रियान्विति के चलते स्वीकृत किए गए पदों में से 19 विभिन्न पदों के समायोजन की स्वीकृति सशर्त दी गई है।

Comment List