विभिन्न देशों से आए प्रतिभागी राजस्थान विधानसभा का करेंगे भ्रमण, 17 देशों के 43 प्रतिभागी करेंगे अवलोकन
प्रमुख विधि संस्थानों का भ्रमण कराने की भी योजना
17 देशों के 43 प्रतिभागी करेंगे राजस्थान विधानसभा का अवलोकन राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि 18 अप्रैल को विश्व के विभिन्न देशों से आए प्रतिभागी राजस्थान विधानसभा का भ्रमण करेंगे।
जयपुर। 17 देशों के 43 प्रतिभागी करेंगे राजस्थान विधानसभा का अवलोकन राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि 18 अप्रैल को विश्व के विभिन्न देशों से आए प्रतिभागी राजस्थान विधानसभा का भ्रमण करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में बांग्लादेश, भूटान, घाना, केन्या, श्रीलंका, तंजानिया और जाम्बिया सहित 17 देशों के 43 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि पार्लियामेंट्री रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी द्वारा इंटरनेशनल लेजिस्लेटिव ड्राफ्टिंग विषय पर 37वां अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग योजना के अंतर्गत संचालित हो रहा है, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को विधायी मसौदा तैयार करने की अवधारणाओं, कौशल और तकनीकी जानकारी से सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के तहत विदेशी प्रतिनिधियों का दल राजस्थान विधानसभा के सदन, भवन और राजनीतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन करेगा। साथ ही उन्हें राज्य की विधायी प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। स्पीकर देवनानी ने बताया कि प्रतिभागियों का पीठासीन अधिकारियों और विधानसभा सचिव के साथ संवाद भी होगा। इसके अलावा उन्हें विधि विशेषज्ञों से मिलने और राज्य के प्रमुख विधि संस्थानों का भ्रमण कराने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल राजस्थान विधानसभा की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी, बल्कि विभिन्न देशों के बीच संसदीय सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।

Comment List