रिक्शा में सवार होकर जेब काट ले गए 50 हजार घाटगेट के पास वारदात, थैले लेकर बैठे दो युवकों पर जेब में चीरा लगाकर रुपए निकालने का आरोप
सीसीटीवी फुटेज से जांच शुरू
जयपुर। आगरा रोड से घाटगेट की ओर रिक्शा में सफर कर रहे एक व्यक्ति की जेब में चीरा लगाकर दो युवक 50 हजार रुपए निकालकर फरार हो गए। पीड़ित को वारदात का पता घाटगेट की बत्ती से पहले चला, जब उसने जेब संभाली तो उसमें चीरा लगा हुआ था और रुपए गायब थे। आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र निवासी 43 वर्षीय पुरुषोत्तम प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी के मुताबिक वह ट्रांसपोर्ट नगर से रिक्शा में बैठा था। रास्ते में उसके अगल-बगल दो व्यक्ति आकर बैठ गए।
दोनों के हाथ में थैले थे। रिक्शा जैसे ही घाटगेट की बत्ती से पहले पहुंचा, दोनों युवक अचानक कूदकर भाग गए। इसके बाद पीड़ित ने अपनी जेब देखी तो जेब पर चीरा लगा हुआ था और उसमें रखे 50 हजार रुपए गायब थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने ही उसकी जेब में चीरा लगाकर रुपए निकाले और मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान के प्रयास कर रही है।

Comment List