2025 में 68,327 विदेशी पर्यटक भी पहुंचे पुष्कर : 17 से 24 नवंबर तक सजेगा आस्था, संस्कृति और पर्यटन का मेला
नए आकर्षण भी देखने को मिलेंगे
जयपुर। राजस्थान के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल पुष्कर की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या इसका प्रमाण है। वर्ष 2025 में 1.32 करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटकों ने पुष्कर का भ्रमण किया, जबकि 68,327 विदेशी पर्यटक भी यहां पहुंचे। अब 17 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाला पुष्कर मेला-2026 देशी-विदेशी सैलानियों को राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन से रूबरू कराएगा। इस बार मेले में पारंपरिक आयोजनों के साथ पर्यटकों की भागीदारी वाले कई नए आकर्षण भी देखने को मिलेंगे। तीन साल में घरेलू पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अजय शर्मा ने बताया कि वर्ष 2023 में पुष्कर में 76.42 लाख घरेलू और 59,951 विदेशी पर्यटक पहुंचे थे। वर्ष 2024 में घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़कर 1.24 करोड़ और विदेशी पर्यटकों की संख्या 74,726 हो गई। वर्ष 2025 में 1.32 करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटक पहुंचे, हालांकि विदेशी पर्यटकों की संख्या 68,327 रही।
वहीं, वर्ष 2026 में अगस्त तक 70.88 लाख से अधिक घरेलू और 31,459 विदेशी पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया है। आंकड़े पुष्कर की बढ़ती पर्यटन महत्ता को दर्शाते हैं।

Comment List