राजस्थान के बांधों में एक दिन में बढ़ा 7.58 एमसीएम पानी, फिर भी जलभराव पिछले साल से काफी कम
सभी बांधों की कुल भंडारण क्षमता 13,029.090 एमक्यूएम
जयपुर। प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच राजस्थान के बांधों में पानी की आवक जारी है। पिछले 24 घंटे में राज्य के बांधों में 7.58 मिलियन क्यूबिक मीटर (एमसीएम) पानी की बढ़ोतरी दर्ज की है। वर्तमान में राज्य के 693 बांधों में कुल 44.85 प्रतिशत पानी है, जबकि पिछले वर्ष 7 जुलाई को यह आंकड़ा 57.33 प्रतिशत था। जल संसाधन विभाग की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य के सभी बांधों की कुल भंडारण क्षमता 13,029.090 एमक्यूएम है, जिसमें वर्तमान में 5,843.527 एमक्यूएम पानी उपलब्ध है। 15 जून को यह मात्रा 5,792.479 एमसीएम थी।
संभागवार स्थिति
रिपोर्ट के अनुसार सबसे बेहतर स्थिति कोटा जोन की है, जहां बांधों में 55.68 प्रतिशत जलभराव है। इसके बाद जयपुर जोन में 47.55 प्रतिशत, बांसवाड़ा में 43.72 प्रतिशत और उदयपुर में 36.50 प्रतिशत पानी दर्ज किया। वहीं भरतपुर जोन में 23.22 प्रतिशत तथा जोधपुर जोन में केवल 18.28 प्रतिशत जलभराव है।
मुख्य बांधों के हाल
राज्य के 23 बड़े बांधों में कुल 56.62 प्रतिशत पानी उपलब्ध है। इनमें बीसलपुर बांध 67.38 प्रतिशत, राणा प्रताप सागर 66.70 प्रतिशत, माही बजाज सागर 44.52 प्रतिशत और जाखम बांध 45.07 प्रतिशत भरा हुआ है। रामगढ़ बांध अब पूरी तरह खाली है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 693 बांधों में 292 बांध खाली, 396 आंशिक रूप से भरे हुए हैं।

Comment List