रैखिक अवसंरचना परियोजनाओं की बाधाएं दूर करने के लिए बनेगा साझा ट्रैकर, मुख्य सचिव ने समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर
भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृतियों के लिए जिला स्तर पर बनेंगी प्री-चेकिंग डेस्क
जयपुर। प्रदेश में सड़क एवं अन्य रैखिक अवसंरचना परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक की। आगामी मुख्य सचिव सम्मेलन के संदर्भ में आयोजित बैठक में परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने लोक निर्माण विभाग की अवसंरचना योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने के लिए राजस्थान की सराहना की है।
उन्होंने परियोजनाओं का दायरा बढ़ाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त निरोधात्मक उपाय लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने और समयबद्ध कार्ययोजना एवं मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने को कहा। भूमि अधिग्रहण, सहमति आधारित भूमि क्रय और वन स्वीकृतियों की बाधाएं दूर करने के लिए जिला स्तर तथा डीएफओ कार्यालयों में प्री-चेकिंग डेस्क स्थापित होंगी। ऊर्जा और पीएचईडी विभाग को यूटिलिटी शिफ्टिंग की नियमित उच्चस्तरीय निगरानी के निर्देश दिए गए। सभी परियोजनाओं की निगरानी के लिए साझा ट्रैकर बनेगा। इसकी मासिक समीक्षा सशक्त समिति और त्रैमासिक समीक्षा राज-उन्नति एवं जी-टू-जी स्तर पर होगी।

Comment List