अलवर में आधी रात तेल फैक्ट्री में लगी आग : कुछ ही मिनटों में लपटों की चपेट में पूरी फैक्ट्री, परिसर में ही सो रहे थे मजदूर
मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
भिवाड़ी-खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार देर रात विजय इंडस्ट्रीज ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरी यूनिट लपटों में घिर गई। मजदूरों की सतर्कता से जनहानि टली। कई शहरों से दमकल पहुंची। थाना अधिकारी संजय ने जान जोखिम में डाल गैस सिलेंडर बाहर निकाल बड़े हादसे को टाल दिया।
अलवर। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के औद्योगिक इलाके भिवाड़ी-खुशखेड़ा में शनिवार देर रात एक तेल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देर रात करीब 12 बजे विजय इंडस्ट्रीज नामक ऑयल निर्माण फैक्ट्री में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। रात का समय होने के कारण फैक्ट्री में काम बंद था और इससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री परिसर में बने श्रमिक क्वार्टरों में एक दर्जन से अधिक मजदूर सो रहे थे, जिन्होंने फैक्ट्री में आग की लपटें देखकर मालिक और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भिवाड़ी, चोपानकी खुशखेड़ा, किशनगढ़ बास, खैरथल-तिजारा और हरियाणा के रेवाड़ी से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान खुशखेड़ा थाना अधिकारी संजय ने साहस दिखाते हुए आग की लपटों के बीच जान जोखिम में डालकर वहां रखे कुछ गैस सिलेंडरों को बाहर निकाला और बड़ा हादसा टल गया। थानाधिकारी ने खुद मोर्चा संभालकर आग बुझाने में सक्रिय नजर आए और खुद ही हौज पाइप संभालकर आग बुझाने में मदद की। प्रशासन ने ऐहतियातन आसपास की फैक्ट्रियों और इलाके को खाली करवाया गया और आसपास की फैक्ट्रियों की दीवारों पर पानी का छिड़काव भी कराया गया।

Comment List