जयपुर में एसीबी का बड़ा धमाका: बेंगलुरु पुलिस के सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी रिश्वत लेते ट्रैप
एसीबी की बड़ी कार्रवाई
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर और दो हेड कांस्टेबलों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बेंगलुरु पुलिस की सब इंस्पेक्टर अनीता, हेड कांस्टेबल यतीश कुमार तथा हेड कांस्टेबल उल्वप्पा एक दहेज प्रताड़ना से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में जयपुर आए हुए थे। आरोप है कि तीनों पुलिसकर्मियों ने मामले में अनुसंधान और कार्रवाई के नाम पर परिवादी से 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
परिवादी द्वारा इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी गई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई जयपुर स्थित होटल गणगौर में अंजाम दी। ट्रैप की पूरी कार्रवाई एएसपी भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में की गई, जबकि इसका पर्यवेक्षण डीआईजी ओम प्रकाश मीणा द्वारा किया गया। ट्रैप के बाद एसीबी की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और रिश्वत मांगने एवं लेने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Comment List