ईसरदा बांध विस्तार योजना के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू : 4,089 हेक्टेयर भूमि होगी अधिग्रहित, परियोजना से प्रभावित होंगे 2,985 परिवार
परियोजना से क्षेत्रीय जल संसाधन क्षमता में बढ़ोतरी की उम्मीद
ईसरदा बांध विस्तार योजना के दूसरे चरण के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू। इस चरण में कुल 4,089.3550 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित। सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन सर्वे के अनुसार 2,985 परिवार इस परियोजना से प्रभावित होंगे, जिनमें कुल 15,283 व्यक्ति शामिल।
जयपुर। ईसरदा बांध विस्तार योजना के दूसरे चरण के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चरण में कुल 4,089.3550 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी। सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (SIA) सर्वे के अनुसार 2,985 परिवार इस परियोजना से प्रभावित होंगे, जिनमें कुल 15,283 व्यक्ति शामिल हैं। इनमें 7,931 पुरुष और 7,370 महिलाएं हैं। सर्वे में शामिल परिवारों में 98 प्रतिशत हिंदू तथा 2 प्रतिशत मुस्लिम व सिख समुदाय के हैं। आजीविका के लिहाज से 62 प्रतिशत परिवार कृषि पर निर्भर हैं, जबकि 12 प्रतिशत नौकरी, 12 प्रतिशत गैर-कृषि श्रम और 8 प्रतिशत कृषि श्रम पर आधारित हैं।
भूमि अधिग्रहण में सवाई माधोपुर जिले के सोलपुर (7.35 हेक्टेयर), रायपुर (77.77 हेक्टेयर), चौकड़ी (38.82 हेक्टेयर) और चौथ का बरवाड़ा तहसील के ईसरदा गांव की भूमि शामिल है। इसके अलावा टोंक जिले की पीपलू, उनियारा और चौथ का बरवाड़ा तहसीलों के कई गांव भी अधिग्रहण दायरे में आए हैं। टोंक जिले के हयातपुरा, अरनिया तिवारी, बानेठा, करीरिया, कल्याणपुरा, संग्रोमपुरा सहित अनेक गांवों की भूमि अधिग्रहित होगी। साथ ही मंडवार और देवगंज की 873.43 हेक्टेयर भूमि भी इसमें शामिल है। परियोजना से क्षेत्रीय जल संसाधन क्षमता में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

Comment List