अवैध नशा तस्करों पर कार्रवाई : स्मैक समेत महिला तस्कर गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
50 ग्राम 07 मिलीग्राम अवैध स्मैक बरामद
जयपुर। जयपुर पूर्व में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जिला विशेष टीम (DST) और गांधी नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक सप्लाई करने वाली महिला मुन्नी देवी सांसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 ग्राम 07 मिलीग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। आरोपी बाहरी क्षेत्र से स्मैक लाकर जयपुर शहर में सप्लाई करती थी तथा उससे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन ने बताया कि आरोपी महिला मुन्नी देवी सांसी (27) गोरी का बास थाना गोविंदगढ जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले तीन-चार माह से जयपुर पूर्व के झालाना क्षेत्र सहित शहर में स्मैक बेचने वालों को सप्लाई कर रही थी और पहले भी कई लोगों तक नशा पहुंचा चुकी है।इस कार्रवाई में कांस्टेबल राकेश समेत दो अन्य की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब उससे स्मैक के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

Comment List