अवैध गैस रिफलिंग और कालाबाजारी पर कार्रवाई, 35 सिलेंडर जब्त
आमजन के जीवन एवं सम्पत्ति के लिए गम्भीर खतरा
शहर में घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी, अवैध भण्डारण एवं रिफलिंग की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत जिला रसद टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए 35 सिलेंडर जब्त किए।
जयपुर। शहर में घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी, अवैध भण्डारण एवं रिफलिंग की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत जिला रसद टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए 35 सिलेंडर जब्त किए। जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम प्रियवृत सिंह चारण ने बताया कि रसोई गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं रिफलिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए टीमों का गठन कर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान बुधवार को प्रवर्तन दल ने पुलिस थाना सांगानेर सदर से प्राप्त सूचना के आधार पर गोविन्दपुरा बक्शावाला शिकारपुरा रोड पर संयुक्त कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से व्यवसायिक सिलेंडरों में गैस की रिफलिंग की जा रही थी। इस दौरान प्रवर्तन दल ने 35 घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेण्डर, एक इलेक्ट्रोनिक कांटा एवं एक इलेक्ट्रोनिक मोटर जब्त की गई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि इस प्रकार के अवैध रिफलिंग केन्द्र शहर में होने वाली दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहे हैं। बिना सुरक्षा मानकों के संचालित ऐसे केन्द्र आमजन के जीवन एवं सम्पत्ति के लिए गम्भीर खतरा उत्पन्न करते हैं। इसमें संलिप्त दो व्यक्तियों के विरूद्ध पुलिस थाना सांगानेर सदर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

Comment List